
आसाम में बाढ़ से भारी तबाही, सात लोगों की मौत
बुधवार, 18 मई 2022
Comment
आसाम में बाढ़ से भारी तबाही, सात लोगों की मौत
डेस्क रिपोर्ट। आसाम में मूसलाधार बारिश के चलते नदियां खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ के कारण 2 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। भारी बारिश के चलते सात लोगों की मौत हो गई है।असम में लगातार बारिश (Flood in Assam) से कई जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बारिश के चलते कई इलाकों में भूस्खलन भी हुआ है। राज्य के 24 जिलों में करीब दो लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार, अकेले कछार जिले में ही 50 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि बाढ़ से 46 राजस्व मंडलों के 652 गांव प्रभावित हैं। बाढ़ के पानी में 16,645.61 हेक्टेयर फसल भूमि जलमग्न है।
सात लोगों की मौत
असम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार कछार, चराईदेव, दरांग, धेमाजी, डिब्रूगढ़ और दीमा-हसाओ सहित 24 जिलों में अब तक 2,02,385 लोग प्रभावित हैं। बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा कई लोग लापता भी हैं। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है। कछार में जिला प्रशासन की तरफ से 55 राहत शिविर और 12 वितरण केंद्र बनाए गए हैं। लगभग 33 हजार बाढ़ प्रभावित लोगों ने यहां शरण ली है।कई इलाकों में भूस्खलन भारी बारिश के चलते कई इलाकों में भूस्खलन भी हुआ है। न्यू कुंजंग, फियांगपुई, मौलहोई, नामजुरंग, दक्षिण बगेतार, महादेव टीला, कालीबाड़ी, उत्तरी बगेतर, सिय्योन और लोदी पंगमौल गांवों से भूस्खलन की सूचना मिली है। भूस्खलन के कारण जतिंगा-हरंगाजाओ और माहूर-फिडिंग में रेलवे लाइन ब्लाक हो गई है।अर्धसैनिक बल, एसडीआरएफ तैनात राहत और बचाव कार्य के लिए सेना, अर्धसैनिक बलों, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं, एसडीआरएफ, नागरिक प्रशासन और प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को तैनात किया है। दितोचेरा स्टेशन पर फंसे सभी यात्रियों को बचा लिया गया है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि स्टेशन पर फंसे करीब 1600 रेल यात्रियों को बचा लिया गया है। यात्रियों को बदरपुर और सिलचर भेजा गया है।
0 Response to "आसाम में बाढ़ से भारी तबाही, सात लोगों की मौत"
एक टिप्पणी भेजें