
आप ने चलाया ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ पोस्टर अभियान
गुरुवार, 30 मार्च 2023
Comment
नीमच में जगह जगह मोदी हटाओ देश बचाओ के पोस्टर चिपकाए

नीमच। जब दिल्ली में हमारे कार्यकर्ताओं ने इस तरह के पोस्टर लगाए तो मोदी सरकार के इशारे पर 137 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, लेकिन हम इस कार्रवाई से डरने वाले नहीं है। जब तक मोदी सरकार को उखाड़ नहीं फेकेंगे तब तक इस तरह का जन जागरण अभियान चलता रहेगा।जानकारी के अनुसार गत रात्रि आम आदमी पार्टी ने केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर पूरे नीमच में जगह जगह मोदी हटाओ देश बचाओ के पोस्टर चिपकाए और अलग-अलग स्थानों पर बड़ी संख्या में पोस्टर लगा दिए। इसकी भनक लगते ही ताबड़तोड़ जगह-जगह से पोस्टर हटाने और जो पोस्टर नहीं हटे उन पर हरा कलर पोतकर मोदी हटाओ देश बचाओ के पोस्टरों को रंग दिया गया।
आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रभारी नवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि जब कांग्रेस का कोई बड़ा नेता आता है तो पूरे शहर को पोस्टर, बैनर, झंडों से पाट दिया जाता है। वहीं पर हाल ही में प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान के आने पर भाजपा के नेताओं ने भी पूरे नीमच शहर को पोस्टर बैनर और होर्डिंग्स से पाट दिया था। दोनों ही समय 4 से 5 दिन तक भाजपा और कांग्रेस के पोस्टर बैनर लगे रहे। वहीं पर अगर सत्तारूढ़ भाजपा की बात करें तो आज भी शहर में विभिन्न स्थानों पर होर्डिंग्स, बैनर पोस्टर और झंडे लगे हुए हैं। लेकिन प्रशासन उस पर कोई कार्रवाई नहीं करता है।
जानकारी के अनुसार अग्रवाल ने सवाल उठाया कि क्या बाबा साहब के संविधान में ऐसा कोई उल्लेख है कि सिर्फ सत्तारूढ़ पार्टी यह सब कर सकती हैं और विपक्ष को कोई अधिकार नहीं है। क्या लोकतंत्र में विपक्ष को विरोध स्वरूप अभिव्यक्ति व्यक्त करने का हक नहीं है। पोस्टर हटाने और हरा रंग पोतने वाले जिम्मेदारों को संविधान के अनुरूप सभी दलों के साथ एक समान व्यवहार करना चाहिए।
0 Response to "आप ने चलाया ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ पोस्टर अभियान"
एक टिप्पणी भेजें